दुल्हन का मेकअप बना शादी कैंसिल होने का कारण, एफआईआर दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 15 मार्च, 2023

शादी में दुल्हन का मेकअप न केवल खूबसूरती में चार चांद लगता है बल्कि इससे व्‍यक्तित्‍व में आसानी से निखार भी आता है। मेकअप करने के कई तरीके बाजार में ईजाद हो चुके हैं। मेकअप सही ढंग से करने की भी सलाह आपको बाजार से या फिर इंटरनेट से आसानी से मिल जाती है लेकिन कई बार मेकअप भी मुसीबत बन जाती है।

ऐसी ही घटना से से दुल्हन की शादी ही रोकनी पड़ गई। मामला कर्नाटक का है। कर्नाटक के हसन जिले के अरासिकेरे में एक लड़की ने शादी में मेकअप के लिए ब्यूटिशियन को बुक कराया। इस दौरान ब्यूटिशियन ने दुल्हन से नया और काफी प्रभावी बोलकर नई तरह का मेकअप कराने के लिए कहा।

दुल्हन ने ब्यूटिशियन की बात मानकर “स्टीम मेकअप” के लिए रजामंदी दे दी जबकि इससे पहले उसने किसी तरह का ट्रायल नहीं लिया था। ब्यूटिशियन ने जैसे ही दुल्हन के चेहरे पर मेकअप लगाना शुरू किया, तभी उसके चेहरे पर झनझनाहट और जलने जैसा फील होने लगा।

इस मेकअप के बाद दुल्हन का चेहरा बेहद सूज गया और काला पड़ गया। दुल्हन के साथ ऐसा होने पर तत्काल शादी कैंसल हो गई। दोनों परिवार के लोग इस बात पर राजी हुए कि जब दुल्हन ठीक हो जाएगी, शादी की नई तारीख तय करेंगे। साथ ही दुल्हन के परिवार ने ब्यूटिशियन के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया।