स्विस बैंक ने खाता धारकों की सूची की जारी, वित्तीय खातों की संख्या एक लाख बढ़ने का दावा।

मीडिया ग्रुप, 11 अक्टूबर, 2022

एक बार फिर से स्विस बैंक ने भारतीय खाताधारकों की सूची जारी की है। भारत को वार्षिक स्वचालित सूचना विनिमय के हिस्से के रूप में अपने नागरिकों और संगठनों के स्विस बैंक खाते के विवरण की चौथी लिस्ट मिली है। स्विट्जरलैंड ने 101 देशों के साथ लगभग 34 लाख वित्तीय खातों का विवरण साझा किया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि भारत के साथ साझा किया गया नया विवरण “सैकड़ों वित्तीय खातों” से संबंधित है, जिसमें कुछ व्यक्तियों, कॉरपोरेट्स और ट्रस्टों से जुड़े कई खातों के कई मामले शामिल हैं। सूचनाओं के आदान-प्रदान के गोपनीयता खंड और आगे की जांच पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव का हवाला देते हुए विशिष्टताओं का खुलासा नहीं किया।

लेकिन इस बात पर जोर दिया कि डेटा का इस्तेमाल संदिग्ध कर चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग और आतंक सहित अन्य गलत कामों की जांच में बड़े पैमाने पर किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि यह आदान-प्रदान पिछले महीने हुआ था और सूचना का अगला सेट स्विट्जरलैंड द्वारा सितंबर 2023 में साझा किया जाएगा।

फेडरल टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफटीए) ने एक बयान में कहा कि इस साल सूचनाओं के आदान-प्रदान से सूची में पांच नए देश अल्बानिया, ब्रुनेई दारुस्सलाम, नाइजीरिया, पेरू और तुर्की जोड़े गए। वित्तीय खातों की संख्या में लगभग एक लाख की वृद्धि हुई।

हालांकि एफटीए ने सभी 101 देशों के नामों और अन्‍य विवरण का खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों ने बताया कि भारत लगातार चौथे साल स्विस बैंक खातों की सूचना प्राप्त करने वालों में प्रमुख रूप से शामिल है।

भारतीय अधिकारियों के साथ साझा किए गए विवरण बड़ी संख्या में उन व्यक्तियों और संगठनों से संबंधित हैं, जिनके स्विस वित्तीय संस्थानों में खाते हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्विस वित्तीय संस्थानों में खातों की जानकारी का यह आदान-प्रदान पिछले महीने हुआ था।