उत्तराखंड : ततैयों के हमले से छात्र की मौत।

मीडिया ग्रुप, 08 अगस्त, 2022

लोहाघाट। ततैयों के हमले से एक दस वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार रितिक कक्षा पांच का छात्र था। शनिवार शाम को वह बच्चों के साथ खेलने गया था। इसी बीच बच्चों पर ततैयों ने हमला कर दिया।

जिसमें रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसके साथ गई एक छात्रा को भी ततैयों ने काटा। पास में घूम रहे लोगों की नजर उन पर पड़ी तो तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। छात्रा तो उपचार के बाद सामान्य हो गई, लेकिन रितिक की हालत बिगड़ती गई।

रात करीब तीन बजे हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर खटीमा की ओर जा रहे थे, लेकिन एनएच पर स्वाला के समीप मलवा आने से जाम लग गया। परिजन बच्चे को देवीधूरा के रास्ते हल्द्वानी ले जाने के लिए वापस हुए। वे लोहाघाट से कुछ आगे पहुंचे ही थे कि रितिक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।