रुद्रपुर : घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान, छह साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
रुद्रपुर। करीब छह वर्ष पूर्व हुए प्रेम विवाह का बुधवार देर रात दुखद अंत हो गया। घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
राजमिस्त्री इमरान ने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व वह कोलकाता से ट्रेन से लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन में उसकी मुलाकात ब्यूटी दास से हुई थी। इमरान के अनुसार, पहली मुलाकात में ही दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद वर्ष 2020 में उन्होंने विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों रुद्रपुर के अटरिया मंदिर के पास गली नंबर चार में किराये के मकान में रहने लगे।
इमरान ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को उसने ब्यूटी के साथ कोर्ट मैरिज भी की थी। राजमिस्त्री का काम करने के कारण परिवार का खर्च ठीक से चल रहा था। हालांकि, दोनों के बीच कभी-कभी मामूली विवाद हो जाता था। उसका कहना है कि विवाद के दौरान ब्यूटी उसे कमरे से बाहर जाने के लिए कह देती थी और कुछ देर बाद खुद दरवाजा खोल देती थी।
इमरान के मुताबिक, बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। रात करीब नौ बजे ब्यूटी ने उसे कमरे से बाहर जाने के लिए कहा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर इमरान को चिंता हुई। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद पड़ोसियों की मदद से किसी तरह दरवाजा खोला गया। अंदर जाने पर ब्यूटी बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इमरान ने उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पति इमरान से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, मृतका की बड़ी बहन ने बताया कि परिवार में मामूली विवाद होते रहते हैं। बुधवार को ब्यूटी ने उससे फोन पर भी बात की थी। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि ब्यूटी इतना बड़ा कदम उठा लेगी। घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है।
