रुद्रपुर : मुख्य बाजार से घर लौट रहे किशोर और उसके साथी से मारपीट, मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। मुख्य बाजार से दोस्त के साथ पैदल घर लौट रहे किशोर और उसके साथी का गांधी कॉलोनी मोड़ के पास कुछ युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने दोनों के साथ गालीगलौज करते हुए बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नौ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी गब्बर ने बताया कि बुधवार शाम उसका पुत्र सानिब अपने दोस्त दिपांशु के साथ मुख्य बाजार गया था। रात करीब नौ बजे दोनों पैदल घर लौट रहे थे। गांधी कॉलोनी मोड़ के पास अतुल, कुलदीप, रजत, वंश, रिंगल, अमन, सूरज, रोहित और अंकित ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि सानिब और दिपांशु ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के साथ बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गब्बर हुसैन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नौ युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।