उत्तराखंड : कुमाऊं में भारी बारिश का येलो एलर्ट जारी, राज्य में दर्जनों मार्ग बंद।

मीडिया ग्रुप, 06 अगस्त, 2022

देहरादून। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार हैं। शनिवार को कुमाऊं मंडल में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, प्रदेश में अब भी छोटे बड़े दर्जनों मार्ग बंद पड़े हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेशभर में आज भी आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा (Heavy Rain) हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में गरज के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं।

हरिद्वार जिले में दस अगस्त तक घने बादल छाए रहेंगे। साथ ही, वर्षा की भी संभावना है। छह अगस्त को 20 मिमी, सात अगस्त को दस मिमी, आठ अगस्त को 12 मिमी, नौ और दस अगस्त को एक-एक मिमी वर्षा होगी। वहीं, शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। साथ ही दिनभर में बीच-बीच में धूप भी खिली।

बादलों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शहर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया। जोकि सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।