अमित शाह के पंजाब दौरे से कांग्रेस को बड़ा झटका, मोहाली के मेयर और चार पूर्व मंत्री भाजपा में शामिल।

मीडिया ग्रुप, 04 जून, 2022

गृहमंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे से पंजाब कांग्रेस में भगदड़ मच गई है। शनिवार को पंजाब कांग्रेस के चार बड़े नेता राजकुमार वेरका, बलबीर सिद्धू, सुंदर शाम अरोड़ा और गुरप्रीत सिंह कांगड़ भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा केवल ढिल्लों, मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, बठिंडा से अकाली नेता सरूप चंद सिंगला और महिंदर कौर जोश भी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

अमित शाह के चंडीगढ़ पहुंचने से पहले हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए सुनील जाखड़ ने इन नेताओं के साथ बैठक की है। बाद में ये नेता मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर पहुंचे। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी के भी भाजपा में शामिल होने की अफवाहें थीं लेकिन उन्होंने इन खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि वे जन्मजात कांग्रेसी हैं और कांग्रेस के लिए ही काम करेंगे।

कई बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने की खबर पर पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी में शामिल होने के लिए शुभकामनाएं। आभारी हूं कि पार्टी में सभी विशेषाधिकारों का आनंद लेने वाले ‘अभिजात वर्ग’ ने सामान्य पृष्ठभूमि से युवा नेतृत्व के लिए जगह खाली कर दी है।

वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि भाजपा घटिया राजनीति कर रही है। नागरा ने कहा कि मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की निर्मम हत्या के बाद पूरा पंजाब शोक में है और भाजपा पंजाबियों के साथ दुख सांझा करने के बजाय घटिया राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि जो नेता भाजपा में शामिल हुए हैं, यह वह नेता हैं, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ मिल कर गलत काम किए हैं। उनको कैप्टन डरा रहे हैं कि वह उनके किए गलत कामों की लिस्टें भाजपा को देंगे और अगर अपना बचाव करना है तो भाजपा में शामिल हो जाएं। इससे डरते वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

नागरा ने कहा कि इन नेताओं को कांग्रेस ने बहुत बड़े ओहदों देकर नवाजा है और अब यह नेता कांग्रेस पार्टी की पीठ में छुरा मारकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। पंजाब और पंजाबियत को बदनाम कर कर पार्टी छोड़ने की बजाय बोलकर पार्टी से जाओ। पंजाब के लोग इन नेताओं को कभी माफ नहीं करेंगे। नागरा ने कहा कि सच्चा, ईमानदार और पंजाब को प्यार करने वाला कांग्रेसी कांग्रेस पार्टी को छोड़कर नहीं जाएगा।