उधमसिंह नगर : रुद्रपुर में पंचायत के दौरान फायरिंग के आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार, दरोगा पर पिस्टल ताने का आरोप।

मीडिया ग्रुप, 24 मई, 2022

रुद्रपुर। दानपुर मे जमीनी विवाद को हुई फायरिंग के मामले में आरोपी दंपत्ति को पुलिस ने बहेड़ी में चेकिंग के दौरान दो पिस्टल और दो तमंचों के साथ गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान आरोपी ने यूपी पुलिस के दरोगा पर भी पिस्टल तान दिया।

बता दें कीरतपुर की साई विहार निवासी जोगेन्दर ने गांव में ही दूसरी जगह पर एक प्लाट 5 लाख रूपये में एक प्रॉपर्टी डीलर दानपुर निवासी व्यक्ति की मदद से खरीदा था। प्लाट गांव की ही निवासी महिला के नाम पर था। जोगेन्दर ने 3.70 लाख रूपये की कीमत अदा कर दी थी और शेष 1.30 लाख रूपये का एक चेक महिला व उसके पति को दिया था।

उसके बावजूद प्लाट पर महिला व उसके पति का ही कब्जा था। कई बार कहने के बाद भी महिला व उसका पति प्लाट खाली नहीं कर रहे थे। जिस पर पीड़ित ने बिचौलिए से प्लाट खाली कराने को कहा था। इसी लेकर सोमवार की शाम को बिचौलिए ने दानपुर स्थित अपनी मोबाइल शॉप पर महिला, उसके पति और जोगेन्दर को बुलाया था।

दोनों पक्षों मे जमीन खाली करने को लेकर बातचीत चल रही थी। तभी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गयी। आरोप है कि तभी महिला के पति ने पिस्टल निकाल ली और जोगेन्दर की कनपट्टी पर रख दी और धमकी दी। बीच बचाव को जोगेन्दर की पत्नी आई तो उसने हवा में कई राउंड फायरिंग कर दी।

इससे जोगेन्दर व बच्चे बाल बाल बच गए। मौके पर भीड़ बढ़ती देख महिला और उसका पति फरार हो गये। सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक सतीश चन्द्र कापड़ी समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने मौके से कारतूस के खाली खोखे बरामद किये। सूचना पर सीओ सिटी अभय सिंह भी पहुंच गए।

उन्होंने वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। फायरिंग की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। दोनों पति पत्नी स्कूटी से यूपी क्षेत्र से होते हुए बरा की ओर भाग रहे थे।

बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस कर्मियों ने स्कूटी सवार पति पत्नी को रोका तो उन्होंने चेकिंग कर रहे दरोगा पर पिस्टल तान दी थी। इस पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान पकड़े गए गुरबाज सिंह से दो पिस्टल और उसकी पत्नी नीतू के पास से दो तमंचे बरामद हुए। सूचना पर रुद्रपुर कोतवाली से एसआइ महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ बहेड़ी पहुंचे और जानकारी ली।

एसआइ महेश कांडपाल ने बताया कि बहेड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोनों पति पत्नी के खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बताया कि उनके पास से कुछ सोने के जेवरात और करीब 1.16 लाख की नकदी भी बरामद हुई है।

कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि पति पत्नी रिमांड पर लिया जाएगा। इसके लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया जा रहा है।