उत्तराखंड : शादी के लिए घर आए आर्मी के जवान की सड़क हादसे में मौत।

मीडिया ग्रुप, 18 अप्रैल, 2022

रामनगर। शादी पर घर आए आर्मी के जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हल्द्वानी में इलाज के बाद जवान को दिल्ली रेफर किया गया था। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रामनगर के ग्राम खुशालपुर बुक्सा छोई निवासी 28 वर्षीय आनंद सिंह पुत्र मोहन सिंह आर्मी में बतौर लांसनायक था।

डेढ़ सप्ताह पहले वह छुट्टी पर घर आया था। एक माह बाद उसकी शादी थी। बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल को आनंद रामनगर किसी काम से गया था। वापसी के दौरान छोई पड़ाव पर अज्ञात कार चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हालत में सुधार नहीं होने पर दो दिन पहले ही उसे आर्मी अस्पताल दिल्ली ले जाया गया। रविवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान का शव देर रात उसके घर लाया गया, आज राजकीय सम्मान के साथ उसे अंतिम विदाई दी गयी।

बताया गया है कि आनंद से पहले 16 मई को उसकी बहन की शादी होनी थी। इसके बाद आनंद की बारात जानी थी। जवान की मौत के बाद घर में दो दो शादियों की खुशियां मातम में बदल गयी।