रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सिडकुल चौकी में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने को लेकर क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी को सौंपे ज्ञापन में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि 24 अगस्त को जिला कलेक्ट्रेट में निर्वाचन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूची के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में वह भी अपना पक्ष रखने के लिए कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए थे।
ठुकराल का आरोप है कि बैठक शुरू होते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज करते हुए उन्हें अपमानित किया। इसी दौरान एक पूर्व विधायक ने भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल के लोग आपत्तिकर्ताओं के घर जाकर उन्हें धमका रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेताओं ने सत्ता के प्रभाव में आकर उच्च अधिकारियों के सामने ही गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पूर्व विधायक का कहना है कि उक्त नेताओं और उनके सहयोगियों के रवैये के चलते उन्हें भविष्य में जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर सिडकुल चौकी में तहरीर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
ठुकराल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने पूर्व विधायक को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
