ऊधमसिंह नगर : बुधवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।

मीडिया ग्रुप, 01 सितम्बर, 2026

रुद्रपुर। मौसम विभाग द्वारा जनपद ऊधमसिंह नगर के लिए जारी ऑरेंज/येलो अलर्ट और लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नितिन सिंह भदौरिया ने 02 सितंबर (बुधवार) को अभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

 

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को जनपद ऊधमसिंह नगर के अंतर्गत संचालित कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि लगातार वर्षा के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव तथा अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियां उत्पन्न होने की संभावना है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षक एवं स्टाफ को भी निर्देश
आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ अपने-अपने विद्यालय/केंद्र में उपस्थित रहकर आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन किए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।