रुद्रपुर। गांधी पार्क के पास युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा की एक पार्षद का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया है। मामले में तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
भदईपुरा निवासी आकाश यादव की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधी पार्क में हुई घटना में वांछित सुमित चौधरी और पवन शर्मा बागवाला रिंग रोड के पास बिलासपुर जाने वाले मार्ग पर किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान सुमित चौधरी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कौशल शर्मा, गगन रतनपुरीया और शक्ति सिंह समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह, एसआई पंकज कुमार, थाना प्रभारी दिनेशपुर, एसआई प्रदीप कुमार, एसआई इंद्र सिंह, एएसआई अमित कुमार तथा कांस्टेबल भूपेंद्र आर्या, प्रवीण रावत और हरीश बिष्ट शामिल रहे।
