उधमसिंह नगर : नाबालिक समेत तीन महिलाओं को वृद्धाआश्रम में बनाया बंधक, पुलिस ने मारा छापा।

मीडिया ग्रुप, 15 अप्रैल, 2022

रूद्रपुर। शहर की शांति बिहार कालोनी में चल रहे एक वृद्धाआश्रम में दो महिलाओं और एक बालक को बंधक बनाये जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर मकान में छानबीन की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिंह कालोनी के पास स्थित शांति विहार कालोनी में एक वृद्धाश्रम चलाया जा रहा है।

बताया जाता है कि इस वृद्धाआश्रम की संचालक हल्द्वानी की एक महिला है। इससे पहले यह वृद्धाआश्रम किसी और स्थान पर चल रहा था। आरोप है कि इस वृद्धाआश्रम में बलिया निवासी दो महिलाओं और एक 13 वर्षीय बालक को बंधक बनाया गया है। बंधक बनाये गये बालक और महिला ने इसकी शिकायत अपने रिश्तेदारों से की थी।

उन्होंने रिश्तेदारों को बताया था कि उन्हें वृद्धाआश्रम में खाना बनाने और अन्य काम कराने के नाम पर लाया गया था लेकिन न तो वेतन मिलता है और नही ठीक से खाना दिया जाता है। इसके साथ ही उन्हें मकान में ताला लगाकर बंधक बनाकर रखा जाता है। उन्हें मकान से बाहर नहीं जाने दिया जाता था।

रिश्तेदारों को जब इसकी भनक लगी तो पीलीभीत से लोकेशन ढूंढते हुए रेशम सिंह, हरभजन सिंह, गुरिंदर सिंह, सुरजीत सिंह ओलख आदि लोग रूद्रपुर पहुंचे। उन्होंने वार्ड के पार्षद सुशील चैहान मामले की जानकारी दी। जिस पर पार्षद ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।

सूचना पर बाजार चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा और एसआई दिनेश परिहार टीम के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान में ताला लगा हुआ था। भीतर दो महिलाएं और एक किशोर बंद था। पुलिस ने वृद्धाआश्रम की संचालिका के बारे में जानकारी जुटायी और उसे हल्द्वानी से यहां बुलाया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चैकी इंचार्ज संदीप शर्मा का कहना था कि वृद्धाआश्रम संचालिका के आने के बाद अंदर छानबीन की जायेगी। बंधक बनाने की शिकायत सही पायी गयी तो मामले में कार्रवाई की जायेगी।