रुद्रपुर। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते नंदा गौरा योजना के लिए जरूरी प्रमाण-पत्र और अभिलेख बनवाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग उठाई गई है। महापौर विकास शर्मा ने इस संबंध में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर पात्र बालिकाओं की परेशानी से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से आवेदन अवधि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। वहीं, महापौर ने भी शासन स्तर पर इस संबंध में पैरवी की है। इन प्रयासों के बाद 30 नवंबर की निर्धारित अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण लोगों को आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इसका सीधा असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं पर पड़ रहा है। कई बालिकाएं दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्धारित समयसीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो अनेक पात्र बालिकाएं योजना के लाभ से वंचित रह सकती हैं।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना प्रदेश सरकार की बेटियों की शिक्षा, भविष्य और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि किसी भी बेटी को प्रशासनिक बाधाओं के कारण योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
महापौर ने बताया कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए शासन से आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। शासन स्तर पर भी इस संबंध में वार्ता की गई है और सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र बालिकाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेगा, ताकि प्रभावित बालिकाओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाकर आवेदन करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।



