कीरतपुर में सड़कों की बदहाली पर महापौर विकास शर्मा का त्वरित संज्ञान, ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर पहुंचे
रुद्रपुर। ग्राम सभा कीरतपुर की दो प्रमुख सड़कों की बदहाली और निर्माण में देरी का मामला सोशल मीडिया पर उठने के बाद महापौर विकास शर्मा ने त्वरित संज्ञान लिया। ग्रामीणों की ओर से सड़कों की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा किए जाने के करीब एक घंटे के भीतर महापौर कीरतपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दोनों मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
महापौर ने आनंदम गार्डन वाली सड़क और जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़कों की खराब स्थिति के कारण आवागमन में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इस पर महापौर ने आनंदम गार्डन वाली सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क का स्थायी पुनर्निर्माण होने तक पैचिंग कराकर गड्ढों को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
महापौर ने जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से दोनों सड़कों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। लोनिवि अधिकारियों ने जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की स्थिति सुधारने और लोगों को आवागमन में राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों की जनसमस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन के स्तर पर होना है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी मुद्दे उठाए जाएंगे, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
सोशल मीडिया पर सड़कों की बदहाली को लेकर नाराजगी जाहिर करने वाले ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने महापौर के मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेने और अधिकारियों से तत्काल वार्ता करने पर आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान आशीष यादव सहित ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि दोनों सड़कों की मरम्मत और निर्माण का कार्य जल्द पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान आशीष यादव, पार्षद पवन राणा, बीनू, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, राजन राठौर, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, विपिन सैनी, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, सुमंता कुमार, कान्हू चरण, छोटे लाल शुक्ला, तपस, रणधीर मलिक, रिंटू, अंतर्यामी, पंकज सिंह, तरुण शर्मा, अनुज द्विवेदी, सन्नी धवन, राम बाबू, जसवीर बसरा, काकू, दिनेश भोज, जसविंदर सिंह, दीप चंद्र जोशी, लोकेंद्र मलिक, भवन सिंह, अनिल लोहनी, आनंद, नीरज, अनुज सैनी, रोहित शर्मा, राम सिंह, आशीष शाह और रामप्रवेश पांडेय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



