ऊधमसिंह नगर: तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, पति पर हत्या का आरोप

ऊधमसिंह नगर में मकान की तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना काशीपुर के थाना आईटीआई क्षेत्र की है। महिला के मायके पक्ष ने पति पर महिला को मारपीट कर तीसरी मंजिल से फेंकने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार रूबी पत्नी शिशुपाल शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। परिजन उसे तत्काल काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका की मां और बहन ने जमकर हंगामा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिशुपाल अक्सर रूबी के साथ मारपीट करता था और शुक्रवार रात भी मारपीट कर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।