रुद्रपुर। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है। विद्युत वितरण उपखंड, सिडकुल के अंतर्गत 33 केवी लाइनों को बदलने तथा 33/11 केवी उपकेंद्रों से संबंधित विद्युत लाइनों को स्थानांतरित करने का कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते 13 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूर्ण अथवा आंशिक रूप से बाधित रहेगी।
UPCL के अनुसार 33/11 केवी सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-4 और सेक्टर-7 से जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों के साथ ही 33/11 केवी उपकेंद्र सेक्टर-11, 220 केवी उपकेंद्र पंतनगर, 33/11 केवी उपकेंद्र मटकोटा, भदईपुरा, सर्किल तथा जीआईएस सर्किल से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी।
इस दौरान सिडकुल के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, छतरपुर, जय नगर, जिला चिकित्सालय, जिला अस्पताल, आवास विकास, सिविल लाइन, पुलिस लाइन, पीएसी ट्रांजिट कैंप, खेड़ा, प्रीत विहार, रम्पुरा, पहाड़गंज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कटौती का असर पड़ सकता है।
UPCL ने उपभोक्ताओं से निर्धारित अवधि में विभाग को सहयोग करने और आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है। विभाग ने उपभोक्ताओं से इन्वर्टर व जनरेटर चलाते समय उन्हें ग्रिड लाइन से अलग रखने का अनुरोध भी किया है, ताकि बैक फीडिंग के कारण किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
