रुद्रपुर में भाजपा की समरसता संकल्प अभियान कार्यशाला, गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, रुद्रपुर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् तथा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यशाला में जिलेभर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना समरसता में निहित है। संत-महापुरुषों ने सदैव समाज को एकता, सद्भाव और समानता के सूत्र में बांधने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रत्येक बूथ और परिवार तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ के संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और सेवा का अमर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का समरसता संकल्प अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह गुरु रविदास महाराज के विचारों को घर-घर तक पहुंचाकर सामाजिक सद्भाव को मजबूत करे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार समान अवसर, सामाजिक न्याय और मानवता के मूल्यों को सशक्त करते हैं तथा कार्यकर्ताओं को इन आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना चाहिए।
जिला सह-प्रभारी साकेत अग्रवाल ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान कार्यकर्ताओं के लिए समाज से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बूथ स्तर पर संवाद स्थापित कर गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके संदेश और सामाजिक समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला सह-प्रभारी साकेत अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता एवं रमेश जोशी, कार्यक्रम संयोजक अमित कुमार पांडेय, प्रदेश मंत्री मोहिनी पोखरियाल, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश कोहली, प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला एवं शालिनी बोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
