गदरपुर बाईपास फायरिंग: घायल पक्ष ने आठ नामजद समेत 8-10 अज्ञात पर दी तहरीर, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

गदरपुर। बाईपास पर हुई फायरिंग की घटना में घायल पक्ष ने कोतवाली में आठ नामजद समेत आठ से दस अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।

ग्राम बेरिया दौलत पक्का फार्म निवासी सहजपाल सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि रविवार शाम करीब 5:50 बजे गगन उप्पल अपने साथियों के साथ कार से घर लौट रहे थे। सरदार नगर क्षेत्र में दो वाहनों से आए आरोपियों ने उनकी कार को घेर लिया और हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। जान बचाकर भाग रहे गुरशरण उप्पल पर पिस्टल से फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली उनके पैर में लगी। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें हायर सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 5 जुलाई, 8 जुलाई और 14 जुलाई को भी आरोपियों ने फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी।

उधर, सोमवार को जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने सरदारनगर अंडरपास की सर्विस लेन स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने आसपास की झाड़ियों और खेतों में भी गहन जांच कर साक्ष्य एकत्र किए।

सीओ बाजपुर/गदरपुर अखलेश कुमार ने बताया कि फायरिंग मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित कर दी गई हैं।