रुद्रपुर : घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक घायल

रुद्रपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 निवासी भूरे लाल के घर में एक दर्जन से अधिक लोग जबरन घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के लोगों के साथ मारपीट की और उसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान राजेश कुमार को गोली के छर्रे लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी।

घायल राजेश के भाई अजय के मुताबिक, दो दिन पहले उनके छोटे भाई का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश में यह हमला किया गया। उन्होंने बताया कि राजेश दिल्ली में काम करता है और हाल ही में एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए रुद्रपुर आया था।

प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।