रुद्रपुर: सीएम धामी ने वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व बार अध्यक्ष एम.पी. तिवारी को प्रतिभा सम्मान से किया सम्मानित
मीडिया ग्रुप, 06 दिसंबर, 2025
अधिवक्ता समुदाय व समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान।
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन, उधमसिंह नगर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एम.पी. तिवारी को समाज एवं अधिवक्ता समुदाय में दिए गए उनके बहुमूल्य योगदान के लिए प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे अधिवक्ता समुदाय में उत्साह देखने को मिला।
वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एम.पी. तिवारी वर्ष 1976 में राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें यह सम्मान समाज सेवा एवं शिक्षा क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्राप्त हुआ था। श्री तिवारी वर्ष 1983 से अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।
रुद्रपुर को जिला बनाने के आंदोलन में निभाई ऐतिहासिक भूमिका।
जिले के गठन की लड़ाई में अधिवक्ताओं द्वारा चलाए गए आंदोलन में श्री तिवारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। जिला बनाने के लिए चलाए गए आंदोलन के दौरान गठित जिला निर्माण समिति में महासचिव के रूप में उन्होंने आंदोलन को धार दी। प्रशासन पर सार्थक दबाव बनाने में उन्होंने अग्रणी जिम्मेदारी निभाई। जिला बनाने के लिया गठित जिला निर्माण समिति में अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता श्री परमजीत सिंह एडवोकेट भी शामिल रहे।
रुद्रपुर में जिला न्यायालय की स्थापना को लेकर चलाए गए प्रयासों में भी श्री तिवारी एक प्रमुख नेतृत्वकर्ता रहे। न्यायिक ढांचे को मजबूत करने तथा अधिवक्ता समुदाय के हितों को आगे बढ़ाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाजसेवा और अधिवक्ताओं के हितों के लिए निरंतर सक्रिय
श्री तिवारी अपने करियर के दौरान अधिवक्ता संघ रुद्रपुर, बार एसोसिएशन रुद्रपुर एवं जिला बार एसोसिएशन कई बार अध्यक्ष रहे चुके है। वे न्याय, अधिकार और सामाजिक सुधार के मुद्दों पर लगातार मुखर रहे हैं।
सम्मान समारोह के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, नगर निगम रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही जिन्होंने श्री तिवारी को बधाई दी। सभी ने एकमत होकर कहा कि श्री तिवारी का सम्मान वास्तव में समूचे अधिवक्ता समाज का सम्मान है।
