रुद्रपुर नगर निगम की बड़ी उपलब्धि: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में प्रदेश में प्रथम, देश में 68वां स्थान

रुद्रपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में रुद्रपुर नगर निगम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नगर निगम ने प्रदेश में पहला स्थान और राष्ट्रीय स्तर पर 68वीं रैंक प्राप्त की है। यह सफलता नगर निगम प्रशासन, सफाईकर्मियों और शहरवासियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

इस वर्ष देशभर के 4367 शहरों ने सर्वेक्षण में भाग लिया, जिनमें उत्तराखंड से 107 शहर शामिल हुए। रुद्रपुर नगर निगम ने 9596 अंक प्राप्त करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। पिछले वर्ष नगर निगम की राष्ट्रीय रैंक 417 और प्रदेश रैंक आठवीं थी। इस बार नगर निगम ने 349 अंकों की लंबी छलांग लगाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 68वीं और प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त की है।

प्रदेश के अन्य नगर निगमों की रैंकिंग पर नजर डालें तो पिथौरागढ़ को पांचवां, कोटद्वार को नौवां, ऋषिकेश को दसवां, देहरादून को तेरहवां, हल्द्वानी को चौदहवां, हरिद्वार को बीसवां, काशीपुर को इक्कीसवां, रूड़की को इकतीसवां और अल्मोड़ा को छत्तीसवां स्थान मिला है।

नगर निगम की इस बड़ी उपलब्धि पर महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और शहरवासियों को बधाई दी। महापौर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम का अगला लक्ष्य रुद्रपुर को देश के शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में शामिल करना है। इसके लिए घर-घर कचरा संग्रहण, नियमित जागरूकता अभियान, तकनीकी उन्नयन, ठोस कचरा प्रबंधन और सतत निगरानी जैसे प्रयास जारी रहेंगे। नगर निगम जल्द ही गांधी पार्क सहित कई प्रमुख उद्यानों का सौंदर्यीकरण करेगा।

इसके साथ ही कल्याणी नदी और नगर क्षेत्र की अन्य पुरानी नहरों व नालों की सफाई के लिए भी विशेष कार्य योजना तैयार की गई है, जिससे भविष्य के स्वच्छता सर्वेक्षणों में और बेहतर रैंक हासिल की जा सके।

नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने कहा कि यह सफलता नगर निगम की टीम भावना, बेहतर रणनीति और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर नगर निगम को पूर्व में सुंदरलाल बहुगुणा पुरस्कार भी मिल चुका है। ओडीएफ++ की मान्यता और स्टार रेटिंग 1 जैसी उपलब्धियां भी निगम के नाम हैं।

महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाना केवल नगर निगम का नहीं, हर नागरिक का कर्तव्य है।