उत्तराखंड: निवेश उत्सव से पहले रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, महापौर विकास शर्मा के साथ तैयारियों का लिया जायजा
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड निवेश उत्सव से पहले जिला मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुक्रवार को जोरदार स्वागत हुआ। महापौर विकास शर्मा ने पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर अभिवादन किया। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले महापौर को स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम रुद्रपुर की ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी और नगर निगम की टीम को इसके लिए सराहना दी। इसके साथ ही उन्होंने निवेश उत्सव के सफल आयोजन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से सादगी के साथ संवाद किया और सभी को जुट जाने का आह्वान किया।
बाद में मुख्यमंत्री स्टेडियम पहुंचे और केन्द्रीय गृह मंत्री की प्रस्तावित यात्रा तथा आगामी निवेश उत्सव के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मीडिया कवरेज और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
