उत्तराखंड : आप ने लगाये मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को दरकिनार कर सक्षम व्यक्तियों को सहायता दिलाने के आरोप।

मीडिया ग्रुप, 08 नवंबर, 2021

देहरादून। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता संजय भट्ट ने प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को दरकिनार कर सक्षम व्यक्तियों को सहायता दिलाने पर सवाल खड़े किए हैं। भट्ट ने कहा कि भाजपा विधायक अब इतने विवेकहीन हो चुके हैं कि राहत कोष को अपने चहेतों में बांट रहे हैं।

रविवार को आप प्रवक्ता संजय भट्ट ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार और विधायक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मपुर विधानसभा में कई ऐसे लोग हैं, जो आर्थिक रूप से मजबूत हैं। इसके बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दी गई है।

उन्होंने एक विधायक और पार्षद पर अपने करीबियों को कोष से मदद दिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।