उत्तराखंड सरकार द्वारा रोडवेज कर्मियों को दीपावली बोनस का ऐलान, चार हजार कर्मियों को मिलेगा लाभ।

मीडिया ग्रुप, 04 नवंबर, 2021

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव मार्च 2022 तक होने की संभावना है। सभी राजनैतिक दल वोटरों को अपने पक्ष में रिझाने के प्रयास कर रहे है। सरकार भी सभी वर्गों को खुश करने का प्रयास कर रही है।

इसी का नतीजा है कि उत्तराखंड में धामी सरकार ने राज्य कर्मचारियों के बाद अब करीब चार हजार रोडवेजकर्मियों को भी दीपावली बोनस दे दिया है। बुधवार को परिवहन निगम ने इसके आदेश जारी कर दिए। यह बोनस, कर्मचारियों को संबंधित डिपो के माध्यम से ही दिया जाएगा।

परिवहन निगम के 20 डिपो में करीब चार हजार नियमित व संविदा, आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन ने इन सभी को दीपावली बोनस देने का आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक, जिन नियमित कर्मचारियों का ग्रेड पे 4800 रुपये तक है, उन्हें 6,908 रुपये बोनस मिलेगा। जबकि संविदा कर्मचारियों, आउटसोर्स कार्मिकों को 1184 रुपये दीपावली बोनस के रूप में दिए जाएंगे।

इन चार हजार कर्मियों में से करीब दो हजार नियमित और दो हजार संविदाकर्मी हैं। परिवहन निगम के आदेश के मुताबिक अलग-अलग डिपो के माध्यम से दीपावली बोनस का भुगतान किया जाएगा। अगर किसी डिपो में समय से भुगतान न किया गया तो संबंधित अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे।

उत्तराखंड के करीब 45 हजार निगम-निकाय कर्मचारियों को सरकार ने दीपावली बोनस देने का आदेश जारी किया है। मंगलवार को वित्त सचिव अमित सिंह नेगी ने इस संबंध में सभी निगमों में बोनस देने का आदेश जारी किया था।

राज्य सरकार की ओर से पहले ही राजकीय विभागों के कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की घोषणा की जा चुकी है। इसके बाद से निगमों में भी लगातार यह मांग की जा रही थी। मंगलवार को सचिव वित्त अमित नेगी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। सभी निगमों को कहा गया है कि वह वित्तीय स्थिति का आकलन करते हुए अपने कर्मचारियों को दीपावली का बोनस देने की कार्यवाही अमल में लाएं।