पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने के आरोपी पर केस दर्ज

उधमसिंह नगर। पुलिस पर फायरिंग करने के आरोपी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ 15 अक्तूबर की रात नानकमत्ता क्षेत्र में वनकर्मियों पर फायरिंग की थी। तब से वह पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। थाना पुलिस से घिरता देख आरोपी ने फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दायें पैर में गोली लगी थी।

मिली जानकारी के अनुसार उधमसिंह नगर के थाना पुलभट्टा क्षेत्र के बरा पुलिस चौकी इंचार्ज पंकज कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पंकज कुमार ने तहरीर में कि 26 अक्तूबर की रात कंट्रोल रूम से पुलभट्टा थाने में सूचना मिली कि कुछ दिन पूर्व नानकमत्ता में वन विभाग की टीम पर फायरिंग करने वाला बदमाश जसपाल सिंह भागने की फिराक में शक्तिफार्म रोड से निकलने वाला है।

सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ शक्तिफार्म रोड पर चेकिंग करने लगे। रात 9.35 बजे एसओजी प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल टीम के साथ वहां पहुंच गए और घटनाक्रम की जानकारी साझा की। सभी मिलकर चेकिंग करने लगे। रात लगभग दस बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस टीम को सूचना मिली कि जसपाल बाइक से शक्तिफार्म की ओर से हाईवे की तरफ आ रहा है।

इसके पीछे नानकमत्ता की पुलिस के उप निरीक्षक संजय कुमार टीम के साथ लगे हैं। कुछ देर बाद शक्तिफार्म की ओर से एक बाइक तेज गति से आती दिखाई दी, जिसका पुलिस की गाड़ी पीछा कर रही थी। आगे पीछे पुलिस से घिरता देख जसपाल बाइक से नीचे गिर गया और जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा।

एसओजी प्रभारी संजय पाठक, उप निरीक्षक एसओजी सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल, बरा पुलिस चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने अपने सरकारी पिस्टल से एक-एक रांउड फायरिंग की। इसमें जसपाल के दायें पैर में गोली लगी। जसपाल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है।