रुद्रपुर : भाजपा प्रदेश मंत्री ने वेंडिंग जोन के निर्माण कार्यों का लिया जायजा

दिवाली से पहले सीएम देंगे दुकानों की चाबीः विकास

रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा ने नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल के साथ निर्माणाधीन वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दीपावली से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए ताकि विस्थापित व्यापारियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

आपको बता दें कि विकास शर्मा वेंडिंग जोन निर्माण और विस्थापित व्यापारियों के पुनर्वास के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने इस मुद्दे को कई बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाया था, जिसके परिणामस्वरूप वेंडिंग जोन निर्माण को मुख्यमंत्री ने अपने घोषणा पत्र में शामिल किया।

निरीक्षण के दौरान, विकास शर्मा ने मुख्य नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल से निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली और दीपावली से पहले इसे पूरा करने का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं उजाड़े गए व्यापारियों को उनकी दुकानों की चाबियाँ सौंपेंगे और इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

शर्मा ने बताया कि वेंडिंग जोन में 200 से अधिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें रोडवेज के सामने और समोसा मार्केट से विस्थापित हुए दुकानदारों के साथ-साथ अंबेडकर पार्क के ठेली व्यवसायियों को भी जगह दी जाएगी। वेंडिंग जोन का निर्माण न केवल लघु व्यापारियों के लिए एक बड़ी सौगात है, बल्कि इससे रुद्रपुर शहर में यातायात की समस्या भी कम होगी। साथ ही, इससे ठेली व्यवसायियों को उत्पीड़न से भी मुक्ति मिलेगी, और वे अपनी खुद की दुकान में अपना कारोबार कर सकेंगे।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री मनोज छाबड़ा, इन्द्र जीत सिंह, राजीव जोशी, हरजीत राठी, हर्ष रावल, अमरजीत सिंह, हरीश जुनेजा, जगजीत सिंह, बलजीत सिंह, रिंकू, सुशील बाठला, प्रशांत कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।