रुद्रपुर : दहेज को लेकर गर्भवती को पीटा, फिर बेल्ट से दबाया गला

रुद्रपुर। एक महिला ने पति सहित तीन ससुरालियों पर दहेज की खातिर मारपीट कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पति, जेठ, जेठानी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सुभाष काॅलोनी निवासी चांदनी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से 19 नवंबर 2022 को आदिल से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति, जेठ इकरार व जेठानी रिजवाना दहेज में एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। बीते साल अक्तूबर में सात महीने की गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। पति ने बेल्ट से गला दबाने की भी कोशिश की। हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया।

इस पर पिता और बड़े भाई उसे मायके ले आए। इस दौरान ससुरालियों ने बिना दहेज लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। पांच दिसंबर को उसने बेटे वारिस को जन्म दिया। इस पर भी पति और अन्य कोई भी ससुराली रुद्रपुर नहीं आए और ना ही खर्चा दिया। पुलिस ने आदिल, इकरार, पत्नी रिजवाना के खिलाफ केस दर्ज किया है।