उधमसिंह नगर : 86 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ चार गिरफ्तार

उधमसिंह नगर। गोवंश स्क्वायड टीम ने गांव रम्पुरा शाकर स्थित एक खेत से 86 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से कुल्हाड़ी सहित अन्य उपकरण बरामद हुए। पशु चिकित्सक ने बरामद मांस के सैंपल लेकर जांच की।

शुक्रवार को गोवंश स्क्वायड प्रभारी एसआई प्रवीण सिंह टीम के साथ रम्पुरा शाकर गांव में पहुंचे। यहां एक खेत में चार लोग दिखे जिन्हें टीम ने पकड़ लिया। टीम ने चारो से 86 किलो प्रतिबंधित मांस, तराजू, पशुओं के नौ पैर, दो चाकू, सूजा आदि बरामद किया। बीते दिनों भी गोवंश स्क्वायड टीम ने करीब डेढ़ क्विंटल प्रतिबंधित पशुओं का मांस बरामद किया था।

इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विकास शर्मा ने मौके पर मांस की जांच की। टीम में कुंदन खन्ना, प्रमोद कुमार, दीवान नाथ, संजय कुमार, राजकुमार, बलवंत सिंह शामिल रहे।

सीओ अन्न राम आर्य ने कहा कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/5/11(1) गोवंश संरक्षण अधिनियम 2007 के तहत केस दर्ज किया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।