उत्तर प्रदेश: उधार नहीं लौटा पाया पति तो सपा नेता ने महिला से जबरन किया निकाह, बंद पड़े अस्पताल में बंधक बनाकर रखा

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के एक बंद पड़े अस्पताल में सपा नेता ने महिला को बंधक बनाकर रखा था। इसके बाद महिला ने अपने किशोर बेटे से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और खुद को बचाने की गुहार लगाई। बेटे की शिकायत पर पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड ने महिला को मुक्त कराया, लेकिन तहरीर नहीं दी गई है। इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।

बीते बृहस्पतिवार को 14 साल का किशोर पुलिस आयुक्त के पास पहुंचा। उसने बताया कि उसकी मां को एक सपा नेता ने बंधक बनाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर मां ने गुहार लगाई है और वह मां को बचाना चाहता है। पुलिस आयुक्त ने एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी को मौके पर भेजा।

महिला अस्पताल के कमरे में मिल गई, लेकिन वहां और कोई नहीं मिला। एसीपी ने बताया कि महिला का पति और आरोपी साझीदार थे। महिला का पति एक मामले में जेल गया, तो आरोपी ने साझीदार की पत्नी से निकाह कर उसे अपने साथ रखा था। पीड़िता से तहरीर मांगी गई है, जिसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

महिला ने पुलिस को बताया कि मंटोला निवासी पति का डिब्बे बनाने का कारोबार था। इस कारोबार में सपा नेता साझीदार था। सपा नेता का फाइनेंस का काम करता है। साझीदार ने पति को कारोबार में लगाने के लिए रकम उधार दी थी। एक मामले में पति को जेल जाना पड़ा। रकम नहीं देने पर सपा नेता शादी की दबाव बनाने लगा।

जबरन अपने ही लोगों को गवाह बनाकर निकाह कर लिया। बच्चों, परिवार वालों से मिलने नहीं देता था। एक महीने पहले उसे प्रतापपुरा स्थित एक होटल में एक दिन रखा। इसके बाद ताजगंज क्षेत्र के होटल में 17 दिन रखा। इसके बाद उसे शाहगंज स्थित बंद पड़े एक अस्पताल में बंधक बना दिया। दो लोग निगरानी करते थे।