रुद्रपुर : हाईवे पर शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

रुद्रपुर। गदरपुर रोड पर धौलपुर के पास संदिग्ध हालातों में एक वाहन चालक की मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने मृतक को अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से परिवारजनों में कोहराम मचा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से बरेली निवासी महेन्द्र पाल धौलपुर स्थित आरएस लॉजिस्टिक कंपनी में वाहन चलाता था। शुक्रवार सुबह महेन्द्र गदरपुर रोड पर जीआरडी स्कूल के निकट स्थित श्मशान घाट के पास बेसुध पड़ा था। वहां से गुजर रहे आरएस लॉजिस्टिक कंपनी के ही फोरमैन जसमेल की नजर महेन्द्र पर पड़ी तो उसने साथी कर्मियों के साथ ही 112 और 108 पर सूचना दी।

सूचना पर मृतक का पुत्र पंकज भी मौके पर पहुंचा। 108 की मदद से महेन्द्र को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसआई जितेन्द्र सिंह खत्री ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं होने से मामला सांदिग्ध बना हुआ है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के तीन बेटे और एक बेटी है। परिजनों ने महेन्द्र की मौत को लेकर हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।