उत्तर प्रदेश : कॉलोनी में अचानक चले देसी बम, सरेआम दो गुटों में फायरिंग से दहशत, 14 लोगों के खिलाफ केस

उत्तर प्रदेश। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की हिमगिरी काॅलोनी डबल स्टोरी में बुधवार रात युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जिसमें एक युवक घायल हो गया।

इस दौरान देसी बम भी फेंके जाने की बात सामने आई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर 14 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिस तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हिमगिरी काॅलोनी डबल स्टोरी में कार चालक राजा सिंह का परिवार रहता है।

राजा ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अंकित बीएससी कर रहा है। बृहस्पतिवार की रात उनका बेटा अंकित सिंह जिम करने के बाद घर लौट रहा था।

घर के पास ही कुछ युवक बाइकों से आ गए। उन्होंने कॉलोनी में तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जिससे लोग अपने घरों में चले गए।

आरोप है कि उन्होंने अंकित को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उस पर तमंंचे से फायरिंग की। जिससे उसके पेट, सीने और हाथ में छर्रे लगे। इस घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल भिजवा दिया।

अंकित के छोटे भाई राज ने बताया कि करीब चार माह पहले आरोपियों से बाइक टकराने को लेकर उसका विवाद हो गया था। उस विवाद में समझौता हो गया था। आरोपी पक्ष अंकित और उसके भाई राज से रंजिश रखने लगा था।

सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि घायल युवक के पिता की तहरीर पर 14 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा में 147, 148, 323, 352, 307, 506, 34 और 7 में केस दर्ज किया गया है।