उत्तराखंड : तराई में सूरज के तेवर गरम।

मीडिया ग्रुप, 16 जून, 2023

तराई में पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा रहा है। बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 40.8 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 43 प्रतिशत आर्द्रता के बीच उत्तर-पश्चिम दिशा में 23.2 किमी. प्रतिघंटा के वेग से गर्म हवाएं (लू) चलीं।

गर्मी के कारण कई जगहों पर पानी की दिक्कतें हो रही है। इंसान के साथ ही जीव जंतु भी गर्मी से हलकान है। जीबी पंत कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरके सिंह के अनुसार अमूमन 15 से 18 जून के बीच मानसून उत्तराखंड में दस्तक दे देता है।

इस बार मानसून में देरी की वजह से गर्मी का सिलसिला पूरे जून रहने की संभावना है। बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से उठने वाले चक्रवात से कुछ समय के लिए मौसम में बदलाव हो सकता है। बताया कि पिछले कुछ वर्षां की अपेक्षा इस बार रात का तापमान स्थिर है।

इस तरह से दिन में बढ़ा तापमान

सुबह नौ बजे 24.0 डिग्री

सुबह 10 बजे 27.2 डिग्री

सुबह 11 बजे 38.0 डिग्री

दोपहर 12 बजे 39.9 डिग्री

दोपहर एक से दो बजे 40.8 डिग्री

गर्मी के कारण बेहोश हुआ युवक

रुद्रपुर। बृहस्पतिवार की दोपहर नैनीताल रोड पर परशुराम चौक के पास एक ठेले पर खड़ा युवक गर्मी के चलते चक्कर खाकर जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद लोगों ने युवक को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद युवक स्वस्थ है।