मध्य प्रदेश के मुरैना में रंजिशन एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या।

मीडिया ग्रुप, 05 मई, 2023

मध्य प्रदेश के मुरैना में दो पक्षों के बीच हुए जमीनी विवाद में 3 महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 3 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शुक्रवार सुबह जिले के सिहोनियां थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जमकर लाठियां चलीं। इसी बीच एक पक्ष से फायरिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते छह लोगों की मौत हो गई। गांव में 6 लोगों की हत्या के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुरैना जिले के सिहोनियां थाना क्षेत्र के लेपा-भिड़ौसा गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया। मामला जमीनी विवाद का था। शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पहले से ही लाठियां जमा कर ली थीं जैसे ही विवाद शुरू हुआ अपनी-अपनी लाठियां लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। इसी बीच एक पक्ष के दो लोगों ने बंदूक से फायर कर छह लोगों को मौत के घाट उतार दिया।

मुरैना के इस खूनी संघर्ष की वजह 10 साल पुराना विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस गोलीकांड के पीछे करीब 10 साल पुरानी लड़ाई है। दोनों पक्षों के बीच 2014 में भी खूनी संघर्ष हुआ था, तब दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से दोनों पक्ष एक-दूसरे की जान लेने पर आमादा थे।