वन कर्मियों पर ग्रामीणों ने किया हमला।

मीडिया ग्रुप, 29 अप्रैल, 2023

हल्द्वानी। जंगल से आग बुझाने के बाद लौट रहे वन कर्मियों पर पांच लोगों ने फतेहपुर में हमला कर दिया। टीम के साथ आरोपितों ने धक्का मुक्की कर लाठी डंडे से पीट दिया। सिर में डंडा लगने से एक कर्मचारी घायल हो गया। रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत फतेहपुर रेंज के हैड़ाखान बीट काठगोदाम कक्ष संख्या 10 के जंगल में गुरुवार शाम आग लग गई थी।

फतेहपुर रेंज का स्टाफ आग बुझाने के बाद देर शाम वापस लौट रहा था। आरोप है कि कमेटिया नाला दाणू मंदिर के समीप वन कर्मियों को युवक मोनू आर्या पुत्र चंद्रशेखर आर्या आग लगाता हुआ दिख गया। वन कर्मियों ने युवक को पकड़कर विभागीय वाहन में बैठाया ही था कि इसी बीच नवीन चंद्र, हेमा देवी व दो अन्य अज्ञात महिलाओं ने युवक को छुड़ाने के लिए हमला कर दिया।

इस हमले में वन बीट अधिकारी राजीव जोशी के बाएं हाथ में चोट व आउटसोर्स कर्मी मोहित नेगी के सिर में चोट लगने से रक्तस्राव हो गया। घटना की सूचना वन कर्मियों ने डीएफओ कुंदन कुमार को दी। डीएफओ ने बताया कि इस मामले में काठगोदाम थाने में पांच नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। फतेहपुर रेंज में भी आरोपितों पर वन अपराध दर्ज किया जा रहा है।