G20 की पहली बैठक के लिए रामनगर पहुंचे 17 देशों के डेलीगेट्स, हुआ जोरदार स्वागत।

मीडिया ग्रुप, 28 मार्च, 2023

उत्तराखंड के रामनगर में 28 से 30 मार्च तक चलने वाली जी-20 समिट आज मंगलवार से शुरू हो जाएगी। इसके लिए 17 देशों के 38 प्रतिनिधि उत्तराखंड पहुंच गए हैं। पंतनगर एयरपोर्ट पर मेहमानों का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कलाकारों ने मेहमानों के स्वागत में छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी।

जिसके बाद उन्हें सुपर डिलक्स बस से रामनगर के लिए रवाना किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 3.30 बजे तक रामनगर पहुंचने संभावना है। आज शाम को रामनगर में राउंड टेबल कार्यक्रम की शुरुआत होगी। मेहमानों को पंतनगर एयरपोर्ट से रामनगर पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है।

एयरपोर्ट से गड़प्पू के बीच 350 स्थानों पर 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रूट पर लगे 34 सीसीटीवी की निगरानी सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जा रही है। विदेशी मेहमानों के फ्लीट में छोटे-बड़े 23 वाहन शामिल हैं। वहीं, रुद्रपुर से नैनीताल रोड जीरो जोन में तब्दील की गई है।

नैनीताल के रामनगर में होने वाली चीफ साइंस एडवाइजर राउंड टेबल कार्यक्रम की पहली बैठक दो दिन चलेगी। इसके बाद 25 से 27 मई को नरेंद्रनगर, ऋषिकेश में दूसरी बैठक होगी। यह बैठक भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की होगी। तीसरी बैठक नरेंद्रनगर, ऋषिकेश में ही 26 से 28 जून को होगी। इस बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप मंथन करेगा।

इन देशों के डेलीगेट होंगे शामिल

ग्रुप ऑफ ट्वेंटी (जी-20) एक अंतर सरकारी मंच है। इसमें 20 देश अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल होंगे। वहीं मित्र देश बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और संयुक्त अरब अमीरात के डेलीगेट भी शामिल होंगे।

इन बिंदुओं पर होगी भारत की प्राथमिकताएं

1. हरित, विकास, जलवायु वित्त और लाइफ।

2. त्वरित, समावेशी और लचीला विकास।

3. एसडीजी (सबस्टेनिबल डवलपमें गोल्स) पर प्रगति में तेजी लाना।

4. तकनीकी परिवर्तन और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना।

5. 21वीं सदी के लिए बहुपक्षीय संस्थान।

6. महिलाओं के नेतृत्व में विकास।