उधमसिंह नगर : डीजे में डांस करने के दौरान युवक की हत्या।

मीडिया ग्रुप, 09 मार्च, 2023

काशीपुर। रंगों के त्यौहार होली की मस्ती उस समय मातम में बदल गयी जब डीजे पर डांस के दौरान हुए विवाद में एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। हत्या के बाद इंसाफ की मांग करते हुए मृतक के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आपको बता दें कि आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़कपुर देवीपुरा में कुछ युवक होली की मस्ती में डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान उनका आपस में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी अन्य घायल युवक विशाल के मुताबिक उसकी चाची का लड़का नरेश होली मिलने आया था।

इसी दौरान नरेश पास ही में डीजे पर डांस करने चला गया था जहां दो पक्षों में झगड़ा होने पर नरेश बीच बचाव करवाने लगा। इसके बाद वह सभी लोग नरेश से उलझ पड़े और और लाठी डंडों आदि से हमला कर दिया। इस दौरान नरेश गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसे तत्काल इलाज के लिये पहले राजकीय चिकित्सालय काशीपुर ले जाया गया।

जहां उसकी हालत गम्भीर होने पर उसे मुरादाबाद ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। घटना से क्षुब्ध लोगों ने आक्रोशित होकर खड़कपुर देवीपुरा मुख्य मार्ग पर हंगामा शुरू कर दिया और न्याय की मांग करने लगे। इस दौरान हंगामा कर रहे आक्रोशित लोगों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई।