उत्तराखंड : पहाड़ से मैदान तक बढ़ी ठिठुरन, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, जल्द ही बर्फबारी के आसार।

मीडिया ग्रुप, 27 जनवरी, 2023

उत्तराखंड में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन और बढ़ गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरा तो पहाड़ में पाला परेशानी बढ़ा रहा है। वहीं, 29 और 30 जनवरी को भारी बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

बीते दिनों ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई है। वहीं, गुरुवार को राजधानी देहरादून भी रात के समय कोहरे के आगोश में नजर आई। वहीं, शुक्रवार सुबह होते ही कई शहरों में कोहरा छाया रहा। जिससे लोगों को वाहनों के आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कम सक्रिय रहा। लेकिन आने वाले दो दिनों में प्रदेश में फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है।