उत्तराखंड : शीतलहर के प्रकोप से ठहर गया तराई का जनजीवन।

मीडिया ग्रुप, 28 दिसंबर, 2022

रिपोर्ट – बादल गंगवार

रूद्रपुर। तराई में दो दिनों से लगातार चल रही शीतलहर और गलन से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान के 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से कड़ाके की ठंड रही। अधिकतम तापमान भी छह डिग्री नीचे लुढ़कर 18.6 डिग्री सेल्सियस से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिनभर कोहरा लगने से सूरज के दर्शन नहीं हुए।

दिनभर धूप न खिलने से लोग ठंड से जूझते रहे। रेलवे स्टेशन, रोडवेज स्टेशन, डीडी चौक, इंदिरा चौक, जिला अस्पताल के गेट अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोग ठिठुरते दिखे। सुबह दुकानों के बाहर लोग आग जलाकर हाथ सेंकते नजर आए।

घने कोहरे के बीच सुबह के समय विभिन्न कालोनियों से स्कूली बच्चों को ले जा रहीं स्कूूूली बसों समेत दोपहिया व चार पहिया वाहनों की हेड लाइटें ऑन रहीं और वाहनों की गति भी बेहद धीमी रही।

पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बुधवार को भी कड़ाके की ठंड रहेगी। जिले में चार दिनों तक शीतलहर का प्रकोप रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बुधवार के लिए भीषण ठंड व शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। डीएम युगल किशोर पंत ने बुधवार को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की छुट्टी का आदेश जारी किया है। हालांकि शैक्षणिक व मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी स्कूल में मौजूद रहेंगे।