उत्तराखंड : पति ने फोन पर बात करने से किया मना तो आगबबूला हो गई पत्नी, शादी के कुछ दिन बाद ही मौत को लगाया गले।

मीडिया ग्रुप, 10 दिसंबर, 2022

देहरादून। शादी के 10 दिन बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव पति की मौसी के घर फंदे पर लटका मिला। विवाहिता और उसके ससुराल वाले मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं।

शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि विवाहिता के पति ने उसे फोन पर बात करने से मना किया था। इस बात से गुस्सा होकर उसने आत्महत्या कर ली। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।

घटना वसंत विहार थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर खाला की है। यहां पर एक युवक मूल निवासी बिहार मौसी के घर पर रहता है। उसकी 10 दिन पहले ही बिहार में शादी हुई थी। इसके बाद वह पत्नी को भी यहीं लेकर आ गया। युवक मजदूरी करता है और बृहस्पतिवार सुबह अपने काम पर चला गया था।

इसके बाद सुबह करीब आठ बजे युवक की मौसेरी बहन ने देखा कि भाभी ने छत पर लगी रॉड पर चुनरी से फंदा लगाया हुआ है। युवती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए। सभी ने प्राइवेट एंबुलेंस से विवाहिता को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने बबीता को मृत घोषित कर दिया।