उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी ने अपने निजी आवास पर जनता दरबार का किया आयोजन।

मीडिया ग्रुप, 27 मई, 2022

रिपोर्ट – मनीष ग्रोवर 9837676185

खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने निजी आवास नगला तराई में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने जनता की समस्याओं के निस्तारण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खटीमा के विकास कार्यों को किसी भी दशा में प्रभावित नहीं होने दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि खटीमा के सभी विकास कार्य पूर्व की भांति जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र के हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे तथा सभी व्यक्ति विकास की मुख्य धारा में रहे और कोई भी व्यक्ति विकास की मुख्य धारा में पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य को उन्नति के शिखर पर ले जाना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है, कानून सब के लिए एक समान है और सभी को कानून का सम्मान करना चाहिए जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा उससे सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और देवभूमि में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति वालों को शरण नहीं दी जाएगी, इसके लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अभियान चलाकर बाहर से आये प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन किया जाए।