उत्तराखंड बोर्ड की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं 28 मार्च से होंगीं शुरू। जानिए क्या है एग्जाम डेट, समय और नियम…….

मीडिया ग्रुप, 12 फरवरी, 2022

उत्तराखंड बोर्ड की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होंगी। हाईस्कूल की परीक्षा सुबह और इंटर की परीक्षाएं दोपहर की पाली में होंगी। शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी ने शुक्रवार को परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होकर 18 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षाएं दो पालियों में होगी। सुबह की पाली सुबह आठ बजे और दोपहर की पाली दो बजे से शुरू होगी।

शिक्षा निदेशक के मुताबिक हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को सुबह 7.30 बजे तक और इंटरमीडिएट के छात्रों को 1.30 बजे तक अपने कक्ष में पहुंचना होगा। हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को सुबह 7.45 बजे से आठ बजे तक और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को दोपहर 1.45 बजे से दो बजे तक प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

इसके अलावा दृष्टि दिव्यांग, शारीरिक रूप से दिव्यांग छात्र-छात्राओं का दो घंटे का पेपर 2.40 घंटे और तीन घंटे का पेपर चार घंटे का होगा। 28 मार्च से एक अप्रैल तक लगातार परीक्षाएं होंगी। इसके बाद दो और तीन अप्रैल को अवकाश है। इसके बाद चार अप्रैल से नौ अप्रैल तक, उसके बाद 11 अप्रैल से 13 तक लगातार पेपर होंगे, फिर दो दिन के अवकाश के बाद 16 अप्रैल और फिर 18 अप्रैल को परीक्षाएं होंगी।