उत्तराखंड में धामी सरकार को हटाने का सही वक्त आ चुका – कांग्रेस।

मीडिया ग्रुप, 12 फरवरी, 2022

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि उत्तराखंड की मोदी-धामी सरकार को हटाने का सही वक्त आ चुका है। अब जनता को चाहिए कि वह अपने वोट की चोट से इस सरकार को करारा जवाब दे।

बृहस्पतिवार को रुद्रपुर के एक होटल में प्रेस वार्ता करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि आजादी के बाद सबसे लंबे चले किसान आंदोलन की राह में कांटे बिछाने वाली और खेती को उद्योगपतियों को बेचने का षड़यंत्र रचने वाली भाजपा सरकार 700 किसानों की शहादत के लिए जिम्मेदार है।

लखीमपुर खीरी में किसानों को निर्ममता से गाड़ी से रौंदने वाली सरकार को माफ नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा सरकार का वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का वादा भी खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार व भाजपा सरकार का डीएनए ही किसान-मजदूर विरोधी है।

किसानों का धान व गेहूं एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। कई किसान मजदूरी करने के लिए भी मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2020 तक मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में 78303 किसान व खेतिहर मजदूर आत्महत्या कर चुके हैं। उन्होंने लखीमपुर खीरी कांड के आरोपी आशीष मिश्रा को जमानत मिलने पर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।

इस दौरान उत्तराखंड सह प्रभारी दीपिका पांडेय सिंह, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा, सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोरा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय आदि थे।