रिपोर्ट: मनीष ग्रोवर
ऊधमसिंह नगर में पुरानी रंजिश के चलते खेत से लौट रहे युवक की गोली मार हत्या कर दी। घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानकमत्ता के ग्राम सिद्धा नवदिया में दो पक्षों में चार दिन पहले विवाद हुआ था। जिसमें कुलदीप को जान से मारने की धमकी दी गई थी। विवाद के चलते सतनाम बीच बचाव के लिए पहुंच गया था। सतनाम द्वारा बीच बचाव करने के कारण एक पक्ष उससे रंजिश रखने लगा था।
शनिवार रात दस बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने सतनाम के घर पर धावा बोल दिया। स्वजनों के मुताबिक उन्होंने सतनाम के घर के बाहर पहुंच पथराव कर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे सतनाम के घर पर हड़कंप मच गया। फायरिंग के दौरान सतनाम खेत में मूंगफली की कटी फसल देखने गया हुआ था। घर में मौजूद सतनाम का पुत्र जब छत पर जाकर वीडियो बनाने लगा तो हमलावरों ने उस पर फायर झोक दिया। इस दौरान वह बाल बाल बचा। उसने हमलावरों के फायर करते की वीडियो भी बना ली। उसके बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। हमलावरों को वापस लौटते समय सतनाम खेत से लौटता मिल गया।
उन्होंने सतनाम को घेरकर फायर झोंक दिया। स्वजनों के मुताबिक गोली सतनाम सिंह के सीने में लगने से वह वहीं गिर गया। स्वजन सतनाम को लेकर उप चिकित्सालय सितारगंज लेकर पहुंचे जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचने पर सतनाम को देर रात मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची नानकमत्ता पुलिस ने मध्य रात्रि शव को मोर्चरी भिजवा दिया।
रविवार सुबह पुलिस मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी सतनाम के छोटे भाई कुलदीप को मारने के इरादे से आ रहा था। लेकिन जब सतनाम हत्यारोपियों को मिल गया तो उसे ही निशाना बना दिया। वहीं, परिजनों ने नानकमत्ता पुलिस पर पूर्व में दी गई शिकायत पर कार्यवाही न करने का आरोप लगाया है।



