तराई में तेज बिजली कड़कने के साथ भारी वर्षा और ओले की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट।

मीडिया ग्रुप, 23 जनवरी, 2022

रुद्रपुर। तराई में कड़ाके की ठंड जारी है। ठिठुरन से लोग बेहाल हैं। इस बीच मौसम विज्ञानियों ने अलर्ट जारी कर दो दिनों तक बारिश व ओले पड़ने की संभावना व्यक्त की है। इधर, शीतलहर चलने से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

बारिश के बाद से तराई में अब तक शीतलहर जारी है। पिछले 10 दिनों से सूर्य देव लुका छिपी का खेल खेल रहे हैं। शुक्रवार को दिन में धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली थी कि शनिवार को फिर मौसम ने करवट लिया और डेढ़ मिमी बारिश हुई।

पंत विवि के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि दो दिनों तक मौसम में परिवर्तन रहेगा। तराई में तेज बिजली कड़कने के साथ ही 15 मिमी वर्षा की संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। जिसके बाद ठंड में और इजाफा होगा।

उन्होंने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 8.04 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रविवार को सूर्योदय सुबह 07:06 बजे और सूर्यास्त अपराह्न 05:42 बजे होगा। बूंदाबांदी से ठंड में भारी इजाफा।