ऊधमसिंह नगर : रुद्रपुर में ससुर पर साथियों सहित हमला करने वाले दामाद के विरुद्ध एफआईआर दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 10 दिसम्बर, 2021

रुद्रपुर। बाजार चौकी क्षेत्र में एक युवक ने साथियों संग ससुराल पहुंचकर ससुर के कनपटी पर तमंचा तान कर उसकी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के आने पर हमलावर भाग निकले। जबकि लोगों ने दामाद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दामाद सहित छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

सुभाष कालोनी निकट पुलिस चौकी बाजार निवासी राजेंद्र पाल पुत्र राम भरोसे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह अपने घर में सो रहा था। मध्य रात उसका दामाद तीन बाइक पर अपने पांच अन्य साथियों के साथ पहुंचा और उसने घर कर दरवाजा खटखटाया। उसने जब दरवाजा खोला तो दामाद विक्की पाल ने उस पर तमंचा तान दिया।

उसके शोर मचाने पर उन्होंने उसको पीटना शुरू कर दिया। उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोगों के आ जाने पर हमलावर अपनी बाइक छोड़ कर भाग निकले। लोगों ने दामाद विक्की पाल का पीछा कर दबोच लिया। जिसे बाद में वहां पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

घायल राजेंद्र पाल को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राजेंद्र पाल ने पुलिस को तहरीर दे कार्रवाई की मांग करते हुए जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस ने विक्की पाल, उसके भाई आकाश, विशाल सहयोगी संजीव व दो अन्य के विरुद्ध गाली गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मारपीट के मामले में केस दर्ज लिया।