रुद्रपुर में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन

रिपोर्ट : मनीष ग्रोवर 

रुद्रपुर। स्कूल जाने के लिए लिफ्ट देने के बहाने इंटरमीडिएट की छात्रा को सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को पीड़िता के परिजन कई लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के परिजनों का कहना था कि घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोप है कि आरोपी के परिवार के कुछ लोग पीड़िता और उसके परिजनों को लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भयभीत है।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी पीड़िता के घर के पास ही रहता है। परिचित होने के कारण छात्रा उसके साथ स्कूल जाने के लिए बाइक पर बैठने को तैयार हो गई थी, लेकिन आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म कर विश्वासघात किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी की तलाश के लिए समय मांग रही है, लेकिन उसके परिजनों से पूछताछ और आरोपी का पता लगाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

परिजनों ने कहा कि घटना के बाद से क्षेत्र की महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

इस पर पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।