रुद्रपुर। नगर निगम ने शारदीय नवरात्र के चलते 9 से 19 अक्टूबर तक मीट की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत मीट बेचने और बनाने वाले प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस आदेश के पालन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने हकीकत जानने के लिए रियलिटी टेस्ट किया। उन्होंने ऑनलाइन नॉनवेज ऑर्डर किया, जिसकी डिलीवरी उन्हें मिल गई। इसके बाद जुनेजा ने सवाल उठाया कि जब नवरात्र के दौरान नॉनवेज बिक्री पर रोक है, तो ऑनलाइन सप्लाई कैसे हो रही है? उन्होंने कहा कि नियम सभी कारोबारियों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। छोटे दुकानदारों के साथ बड़े प्रतिष्ठानों और ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज बेचने वालों पर भी समान नियम लागू किए जाने चाहिए।
इस मामले के सामने आने के बाद नगर निगम के आदेश के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि निगम ऑनलाइन नॉनवेज सप्लाई के मामले में क्या कदम उठाता है। फिलहाल, इस संबंध में नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक सफाई या कार्रवाई सामने नहीं आई है।



