रुद्रपुर। शहर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। दोस्तों के साथ ठेले पर पकौड़ी खा रहे युवक पर 10 से अधिक युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि जान बचाकर भागने पर हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए कई राउंड फायर किए। युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस को तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
खेड़ा निवासी सोहेल के अनुसार, शनिवार रात वह अपने दोस्तों के साथ पैराडाइज झील के सामने ट्रांजिट कैंप रोड के मोड़ पर एक ठेले पर पकौड़ी खा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाला खेड़ा निवासी एक युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकाल लिया।
सोहेल ने बताया कि जान बचाने के लिए वह मौके से भागा तो हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे निशाना बनाकर कई राउंड फायर किए। हालांकि, वह सुरक्षित बच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रम्पुरा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सड़क पर बिखरे कारतूस व खोखे कब्जे में ले लिए।
कोतवाली रुद्रपुर के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



