स्कूटी सवार महिला को बचाने के चक्कर में नदी में गिरा वाहन

दिनेशपुर। गदरपुर-मटकोटा मार्ग पर चन्दनगढ़ गांव के पास शुक्रवार देर सायं एक बड़ा हादसा टल गया। स्कूटी सवार महिला को बचाने के प्रयास में माल से भरा छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी अमित कुमार छोटा हाथी वाहन में कई कुंतल शीशा लादकर मुरादाबाद से जयनगर की ओर जा रहे थे। चन्दनगढ़ गांव के पास अचानक एक स्कूटी सवार महिला वाहन के सामने आ गई। महिला को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और छोटा हाथी सड़क किनारे नदी में जा गिरा। देखते ही देखते वाहन पानी में डूब गया।

हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वाहन में कई कुंतल शीशा लदा हुआ था, जो नदी में गिरे वाहन के साथ डूब गया। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना दिनेशपुर थाने को नहीं दी गई है।